झालावाड़। झालावाड़ शहर के कसाई मोहल्ले में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार रात खेत से घर लौट रहे युवक पर बाइक सवार 3-4 युवकों ने पीछे से लकड़ी से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर पीड़ित के ही परिवार के सदस्य हैं, जिनसे लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था।
खेत से लौटते समय रास्ते में किया हमला– अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, घायल नरेश (34) पुत्र देवकरण गुर्जर निवासी कसाई मोहल्ला ने पर्चा बयान में बताया कि वह खेत से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गागरोन रोड पर एक चाय की दुकान के पास बीती रात बाइक पर सवार होकर आए 3-4 लोगों ने उस पर पीछे से लकड़ी से हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।



