झालावाड़। झालावाड़ पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए चिन्टा गैंग के सरगना चिन्टू उर्फ चिन्टा उर्फ अरषद अयूब को राजस्थान समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम (राजपासा) के तहत डिटेन कर दिया है। यह झालावाड़ पुलिस द्वारा राजपासा के तहत की गई चौथी कार्रवाई है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने का स्पष्ट संदेश दिया गया है।पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अजय सिंह राठौड़ ने 11 दिसंबर 2025 को राजपासा एक्ट के तहत कार्रवाई के आदेश जारी किए थे। इसके बाद 27 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इस्तगासा पेश किया, जिसके आधार पर आदेश जारी कर उसे जिला कारागृह झालावाड़ में निरुद्ध कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी चिन्टू उर्फ चिन्टा उर्फ अरषद अयूब साल 2011 से 2025 तक लगातार गंभीर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, हत्या का प्रयास, अपहरण, डकैती की योजना, अवैध हथियार तस्करी और गैंगरेप जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। वह थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर और जिला स्तर का हार्डकोर अपराधी है।आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक गैंग बना रखा था और लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैला रखी थी। आम लोग उसके खिलाफ शिकायत करने से डरते थे और गवाह भी अदालत में बयान बदल देते थे, जिससे आरोपी को बार-बार राहत मिल जाती थी।आरोपी के खिलाफ पूर्व में निगरानी और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई थी, लेकिन उसकी आपराधिक प्रवृत्ति में कोई सुधार नहीं हुआ। ऐसे में सामान्य कानून पर्याप्त नहीं होने पर राजपासा के तहत सख्त कार्रवाई करना आवश्यक हो गया था।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन में विश्वास कायम करना है। आदेश के तहत अपराधी को जिला कारागृह झालावाड़ में निरुद्ध करवाया जा चुका है।



