
झालावाड़। जिले के भवानीमंडी में एक दामाद ने अपने ससुर का नेत्रदान करवाया। इस नेत्रदान से दो लोगों को आंखो की रोशनी मिलेगी। हरबंस सिंह अरोड़ा का नेत्रदान किया गया है। उनकी बेटी मनमीत कौर और दामाद देवेंद्र पाल छाबड़ा ने यह निर्णय लिया, जिससे दो नेत्रहीन व्यक्तियों को नई रोशनी मिलेगी। शाइन इंडिया फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद के नेत्रदान संयोजक कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि हरबंस सिंह अरोड़ा अपनी बेटी मनमीत कौर के घर भवानी मंडी आए हुए थे। स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। अस्पताल में मौजूद मनमीत कौर ने अपने पति देवेंद्र पाल सिंह से पिता के नेत्रदान के संबंध में चर्चा की। देवेंद्र पाल पहले से ही भवानीमंडी के नेत्रदान कार्यक्रम और गौशाला के माध्यम से समाज सेवा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने परिवार से आवश्यक सहमति प्राप्त कर शाइन इंडिया फाउंडेशन को सूचित किया।






