जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर कलेक्टर सख्त – आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
दुर्घटना से बचाव के लिए सड़कों से बेसहारा पशु हटाने हेतु संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश
झालावाड़. कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपर्क पोर्टल निस्तारण में प्रदेश में लगातार प्रथम स्थान
बैठक के दौरान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 30 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए,शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में झालावाड़ जिला शिकायत निस्तारण एवं संतुष्टि प्रतिशत के मामले में प्रदेश में लगातार तीन महीनों से प्रथम स्थान पर है, जो जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अधिकारियों से इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर गंभीरता से कार्य करने को कहा।
बेसहारा पशुओं को सड़को से हटाने हेतु संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने नगर परिषद एवं पशुपालन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर सड़कों पर विचरण कर रहे बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं एवं नंदीशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।
एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था रहे सुचारू
बैठक में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला रसद अधिकारी एवं एचपीसीएल प्रतिनिधि के साथ चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि आगामी दिनों में मांग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आमजन से अफवाहों से बचने और धैर्य बनाए रखने की अपील की।
मिनी सचिवालय परिसर में स्वच्छता पर विशेष जोर
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सचिवालय परिसर की दीवारों पर तंबाकू थूकने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
लंबित पट्टा एवं भूमि आवंटन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण
बैठक में विभिन्न अंतर्विभागीय प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। राजकीय कार्यालय भवनों के लिए जारी किए जाने वाले पट्टा प्रकरणों के लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के अंतर्गत विभिन्न विभागों को आवश्यक भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय पर आवेदन प्रस्तुत कर प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






