झालावाड़. झालरापाटन-सुनेल मार्ग पर सैटेलाइट अस्पताल के पास रविवार रात एक सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान झालावाड़ के डूंगर गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र प्रभु लाल के रूप में हुई है।
सदर थाना पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। एएसआई शंकरलाल ने बताया कि राजेश कुमार अपने गांव डूंगर से मौसी के घर पिड़ावा जा रहा था। झालरापाटन सुनेल मार्ग पर सैटेलाइट अस्पताल के पास उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा घुसी। बाइक एक पत्थर की दीवार से टकरा गई, जिससे राजेश के सिर पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश को उपचार के लिए सैटेलाइट हॉस्पिटल ले गई। जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिश्तेदारों के अनुसार, राजेश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अविवाहित था और गांव के शनि मंदिर में पुजारी का काम करता था। उसके तीन भाई हैं जो अपने परिवारों के साथ अलग रहते हैं।






