झालावाड़ में सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार के संचालक मंडल सदस्यों और अन्य पदाधिकारियों के लिए होने वाले चुनाव एक बार फिर स्थगित कर दिए गए हैं। यह निर्णय मतदाता सूचियों को लेकर विवाद उत्पन्न होने और इससे कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते लिया गया है।
निर्वाचन अधिकारी सौमित्र कुमार मंगल ने मंगलवार रात इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए। विभागीय सूचना के अनुसार, निर्वाचन प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।
कलेक्टर की अनुशंसा के बाद चुनाव रोकने के आदेश जारी
जानकारी के अनुसार मतदाता सूची को लेकर उपजे विवाद के कारण क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई थी। झालावाड़ जिला कलेक्टर ने इस संबंध में राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण, जयपुर को अपनी रिपोर्ट भेजी थी। कलेक्टर की अनुशंसा और उच्चाधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के बाद निर्वाचन अधिकारी ने राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम 2001 की धारा 34 (6) के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए चुनाव प्रक्रिया रोकने का आदेश जारी किया।
इस बार यह आया है विवाद
दरअसल, इस बार जो समितियां थी उनमें से कई को निर्वाचक सूची में शामिल नहीं किया गया है। इसी को लेकर इन्होंने अापत्तियां दर्ज करवाई थीं। इधर जीएम ने उपहार सुपर मार्केट के सेल्समेन को निलंबित किया था और कई समितियों को भी हटाया गया था उनका कहना था कि एक ही दिन में तेल के कई टीन और कई क्विंटल आटे की खरीद हो गई। इसी पर कई समितियों ने भी विरोध दर्ज करवाया था। मामला पूरा विवाद में आने से अब इन चुनावों को स्थगित किया गया है।






