झालावाड़ विद्युत निगम ने बकाया बिलों और बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 अवैध कनेक्शन हटाए और 18 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए। इस दौरान मौके पर 40 हजार रुपये की वसूली भी की गई।यह अभियान पिपलिया क्षेत्र में झालावाड़ रोड के खोद, बुडनपुर, करनपुरा, आमल्माखेड़ी, पाच्याखेड़ी और राजपुरा सहित आसपास के गांवों में चलाया गया। झालावाड़ रोड पावर हाउस के बुडनपुर फीडर क्षेत्र में विभाग की टीम ने एफआरटी टीम के साथ मिलकर अवैध रूप से चल रहे बिजली कनेक्शनों पर सख्ती बरती। इस दौरान डीसी/पीडीसी (पुराने कटे हुए) कनेक्शनों पर चल रहे अवैध उपयोग के लगभग 60-70 हुक कनेक्शन हटाए गए।विभागीय जानकारी के अनुसार, नियमित उपभोक्ताओं पर करीब 4.10 लाख रुपये और डीसी/पीडीसी कनेक्शन वाले लगभग 256 उपभोक्ताओं पर करीब 45 लाख 40 हजार रुपये बकाया चल रहा था। कई स्थानों पर अवैध हुक लगाकर बिजली का दुरुपयोग किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान टीम ने उपभोक्ताओं को बकाया राशि जमा कराने के लिए समझाया भी।नियमित उपभोक्ताओं के करीब 18 कनेक्शन पर बकाया राशि होने के कारण उन्हें काट दिया गया। इस कार्रवाई में कनिष्ठ अभियंता लवनीत सिंह हाड़ा के नेतृत्व में कर्मचारी सुभाष मीणा, राधेश्याम वर्मा, शंभूदयाल, मुकेश अहीर, इमरान खान तथा एफआरटी टीम के सदस्य पूनमचंद, आसिफ खान, आरिफ और सोनू मौजूद रहे।
विद्युत विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और बिजली चोरी या बकाया पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






