- निबंध, रंगोली, भजन व मूक अभिनय सहित कई प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन, छात्रों में नैतिक मूल्यों के विकास पर जोर

खानपुर/बोरदा।
शिक्षा विभाग के निर्देश पर 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक प्रदेश के सभी विद्यालयों में तीर्थंकर ऋषभदेव पखवाड़ा मनाया गया। इसके तहत बोरदा पीईईओ क्षेत्र सहित पूरे राज्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, पोस्टर, रंगोली, भजन गायन और मूक अभिनय जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने पर व्याख्याता पप्पू लाल गुर्जर, वरिष्ठ अध्यापक कमलेश गुप्ता, अध्यापिका उषा मीणा, बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर खुशबू शर्मा, पंचायत सहायक राम प्रसाद वर्मा तथा सहायक लेखा अधिकारी धीरज राठौर को सम्मानित किया गया। सभी को प्रतीक चिन्ह और तीर्थंकर ऋषभदेव से संबंधित साहित्य भेंट किया गया। सम्मान समारोह में उप प्रधानाचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान झालरापाटन तथा कार्यक्रम के जिला संयोजक सुरेंद्र कुमार जैन ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें नैतिक शिक्षा का भी ज्ञान मिलता है। जैन ने बताया कि राज्य के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में भी इसी प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके लिए निदेशक तकनीकी शिक्षा ने सभी अभियंत्रिकी व पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए थे।



