

-अभिभाषक परिषद की ओर से आयोजित किया जा रहा है खेल महोत्सव, विभिन्न खेलों का हो रहा है आयोजन।
झालावाड़।
अभिभाषक परिषद के तत्वावधान में आयोजित खेल महोत्सव में प्रथम दिन शनिवार को खेल संकुल क्रिकेट स्टेडियम में यूनिफायर्स और ज्युडिशियल एलिट टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, इसमें यूनिफायर्स विजय रही।
परिषद के अध्यक्ष मुकेश शर्मा भाया ने बताया कि महोत्सव के मुख्य अतिथि जिला एवं सेशन न्यायाधीश आलोक सुरोलिया, कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, एसपी अमित बुढ़ानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर कलेक्टर व एसपी ने भी मैच के पलों का लुप्त उठाया और महोत्सव में शामिल अधिवक्ता व न्यायिक अधिकारियों की सराहना की। खेल सचिव तंवर सिंह झाला ने बताया कि प्रथम मैच बेहद रोमांचक पलों का साक्षी रहा जिसमें प्रशांत चतुर्वेदी की कप्तानी वाली ज्युडिशियल एलिट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। इसमें किशोर न्याय बोर्ड के प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट अरविंद यादव ने 20 रन, रविंद्र सिंह यादव ऐसी जेएम फर्स्ट ने 26 रन, उमेश कुमार 28 रन, भूपेंद्र सिंह राठौड़ 15 रन का योगदान दिया। यूनिफायर्स की ओर से अत्ताउल्लाह खान व बालचंद डांगी ने दो-दो, जुनैद खान व राजेश लोधा ने एक-एक विकेट लिया। इस स्कोर का पीछा करने उतरी यूनीफायर्स टीम ने सधी शुरुआत की जिसमें ओपनर मोइन खान 15 रन व गुरचरण सिंह 16 रन योगदान देते हुए अपनी टीम का स्कोर आगे बढ़ाया और साथ देते हुए अटल राज 19 रन व मैन ऑफ द मैच ऑल राउंड प्रदर्शन जुनैद खान ने धुंआधार महत्वपूर्ण 41 रन बनाकर अपनी टीम के लिए जीत अर्जित की। परिषद के सरदार रावजोत सिंह ने बताया कि रविवार को होने वाले महत्वपूर्ण मैच में सुबह ज्यूडिशियल 11 यंगस्टर्स का मुकाबला यूनीफायर्स 11 से व दोपहर में ज्यूडिशियल एलिट का मुकाबला ईगल्स लीगल्स भवानीमंडी से होगा।






