दीप प्रज्वलन कर अतिथियों ने किया शुभारंभ, देशभक्ति व राम चरित्र पर आधारित प्रसंगों ने बांधा समा
झालावाड़। चैत्र नवरात्र महोत्सव के अवसर पर राडी के बालाजी मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। महावीर सेवादल के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव के तहत महाकालेश्वर प्रचारक मंडल द्वारा प्रतिदिन भव्य रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म और संस्कृति से जुड़ रहे हैं। मंगलवार रात्रि आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ महावीर सेवा दल के अध्यक्ष संजय जैन, परामर्शदाता राम महेश्वरी, प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन अध्यक्ष रोहित मित्तल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रवीण भटिया, मेला संयोजक राजकुमार सोनी, सहसंयोजक जोधराज नगर एवं भाजपा आईटी संभाग सह संयोजक राहुल नाथ पटवा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में रामलीला के कलाकारों ने भगवान राम के जीवन प्रसंगों के साथ-साथ देशभक्ति से ओतप्रोत दृश्य प्रस्तुत किए। कलाकारों के सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरा मंदिर परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। सेवादल प्रवक्ता अनिल कसेरा ने बताया कि नवरात्र महोत्सव के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग प्रसंगों पर आधारित रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। यहां फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. अमन पारीक द्वारा 29 मार्च तक प्रतिदिन शाम 6 से रात्रि 9 बजे तक निशुल्क सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोग उठा रहे हैं। :






