
झालावाड़
सड़क दुर्घटनाओं में पिछले तीन महीने के दौरान हर महीने औसतन 10 मौतें हुई है। इसे गंभीरता से लेते हुए यातायात नियमों की सख्ती से पालना और जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत झालावाड़ कोतवाली व खानपुर थाना क्षेत्र में एक-एक मार्ग को आदर्श ट्रैफिक जाेन घोषित किया गया है। इसके तहत शाम 4 से 5 बजे तक सख्ती से शत प्रतिशत यातायात नियमों की पालना करवाई जाएगी।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में खंडिया चौराहा से सुभाष सर्किल मार्ग और खानपुर थाना क्षेत्र में गोल्याखेड़ी तिराहा से नया दहीखेड़ा चौराहा तक आदर्श ट्रैफिक जोन घोषित किया गया है। इन मार्गों पर कोई भी वाहन चालक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई से वंचित नहीं रहेगा।
आदर्श ट्रैफिक जोन में यह कार्रवाई होगी-
– हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करते हुए, नौ पार्किंग, ओवर स्पीड़, ओवर लोड सवारी एवं अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी उल्लंघन कर्ता कार्रवाई से न बच सके।
अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई नहीं, जिम्मेदारी तय करना है-
एसपी अमित कुमार ने बताया कि आदर्श ट्रैफिक जोन घोषित करने की पहल का मुख्य उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि यातायात नियमों के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। जिससे सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
ये आंकड़े चौकाने वाले, हेलमेट को बोझ न समझें-
– जनवरी 2026 में 31 दिनाें में 46 सड़क दुर्घटनाएं हुई, इनमें 17 की मौत हुई और 38 घायल
– फरवरी 2026 के दौरान 28 दिनों में 32 सड़क दुर्घटनाएं, 19 मौतें और 33 घायल हुए
– मार्च 2026 के दौरान 31 दिनों में 30 दुर्घटनाओं में 14 मौतें और 30 जने घायल हुए
