झालावाड़। झालावाड़ में श्री महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव 19 मार्च को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज बहुउद्देशीय हितकारिणी समिति झालावाड़ द्वारा इस वार्षिक आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।महोत्सव की तैयारियों को लेकर को समिति अध्यक्ष विश्वास जोशी के निवास स्थान पर कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। अध्यक्ष जोशी ने बताया कि महर्षि गौतम प्राकट्य महोत्सव की भव्य शोभायात्रा तांगा अड्डा के पास स्थित झिरी के महादेव मंदिर, झालावाड़ से निकाली जाएगी। पूजा-अर्चना के बाद यह शोभायात्रा शहर के पुराना पोस्ट ऑफिस, घण्टाघर चौराहा, मंगलपुरा चौराहा, गर्ल्स स्कूल रोड, पुराना टेम्पो स्टैंड, नक्कार खाना दरवाजा, सर्राफा बाजार, चौथमाता मंदिर, आजाद मार्ग और तबेला रोड होते हुए ब्रह्मघाट मंदिर पहुंचेगी।19 मार्च, गुरुवार को मंगलपुरा टेक स्थित चतुर्भुज नाथ मंदिर और ब्रह्मघाट स्थित मदन मोहनजी महाराज के मंदिर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और हवन किया जाएगा। सांयकाल ब्रह्मघाट पर भगवान मदन मोहनजी का दुग्धाभिषेक भी होगा।इस अवसर पर समाज के बालक-बालिकाओं और महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बंधुओं और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा। महोत्सव का समापन सामूहिक भोज के साथ होगा।बैठक में समाज के पूर्व अध्यक्ष रतनलाल गौतम, ललित शर्मा, ओमप्रकाश गौतम, स्वदेश शर्मा, पं. सौरभ गौतम, दिनेश शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष दीपिका शर्मा और ज्योति जोशी सहित कई समाज बंधु उपस्थित रहे।






