जोधपुर। रेलवे के अहमदाबाद पालनपुर रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग से जुड़े जरूरी तकनीकी कार्य के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इसके चलते आगामी रविवार को जोधपुर-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस सहित 4 ट्रेनों का संचालन अस्थाई रूप से परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को स्टेशन रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी है।उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रेल नेटवर्क पर संचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से यह तकनीकी अपग्रेडेशन किया जा रहा है। इस ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण कुछ ट्रेनों को उनके नियमित ट्रैक की बजाय दूसरे मार्ग से गुजारने का निर्णय लिया गया है।
इन ट्रेनों के मार्ग और ठहराव में हुआ बदलाव
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार चार ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है:
- ट्रेन संख्या 12461, जोधपुर-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस: 29 मार्च को यह हाई-स्पीड ट्रेन अपने नियमित मार्ग की बजाय महेसाणा, कटोसन रोड और कलोल होकर साबरमती की ओर संचालित होगी।
- ट्रेन संख्या 19223, साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस: यह ट्रेन रविवार (29 मार्च) को खोडियार, कलोल, कटोसन रोड एवं महेसाणा होकर चलेगी। मार्ग में बदलाव के कारण इस दिन गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।
- ट्रेन संख्या 19224, जम्मूतवी-साबरमती एक्सप्रेस: 28 मार्च को प्रस्थान करने वाली यह ट्रेन अपने सफर के दौरान कलोल-खोडियार मार्ग से संचालित होगी। इस ट्रेन का भी गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर ठहराव रद्द रहेगा।
- ट्रेन संख्या 09721, भावनगर-बीकानेर स्पेशल: इस स्पेशल ट्रेन को वीरमगाम, कटोसन रोड एवं महेसाणा के रास्ते बीकानेर के लिए चलाया जाएगा। इस बदलाव के चलते यह ट्रेन आम्बली रोड और गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर नहीं रुकेगी।






