

झालावाड़. नेशनल हाइवे-52 पर झालावाड़-कोटा के बीच सुकेत टोल के पास गुरुवार तड़के इंदौर से जयपुर जा रही निजी बस ओवरटेक करते समय ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार कंडक्टर सहित 13 यात्री घायल हो गए। जिनमें कंडक्टर की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया।
पुलिस के अनुसार निजी बस इंदौर से जयपुर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 3 बजकर 11 मिनट पर सुकेत टोल के पास एक ट्रक को ओवरटेक करते समय बस उसी ट्रक टकरा गई। उस समय सभी यात्री नींद में थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और उसका आगे का केबिन पूरी तरह पिचक गया। हादसे में बस कंडक्टर समेत 13 यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही सुकेत थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। 108 एम्बुलेंस और हाइवे एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल झालावाड़ एसआरजी अस्पताल पहुंचाया गया। जिसमें बस कंडक्टर कल्याणपुर बाड़मेर निवासी रमेश पुत्र मंगलराम, निनाद लखनऊ निवासी प्राची भार्गव, नई दिल्ली निवासी संगीता, इंदौर निवासी डॉ. सुनील पटेल, संजय श्रॉफ और खरगोन निवासी कृष्णा, कोटा निवासी श्रेयांश, सुनील, बाबूलाल, तन्मय, विष्णु, जितेंद्र घायल हो गए।एएसआई झाबरसिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में 13 लोग घायल हुए है। कंडक्टर की हालत थोड़ी गंभीर बनी हुई है।
चार राज्यों के 36 यात्री सवार थे बस में
कंडक्टर रमेश ने बताया कि बस में 36 यात्री सवार थे। ये यात्री राजस्थान के बाड़मेर, कोटा, उत्तरप्रदेश, लखनऊ, नई दिल्ली व मध्यप्रदेश के लोग सवार थे।






