ंझालावाड़। झालावाड़ के हीरा बा कुंवर जनाना अस्पताल में एक नवजात को पालना गृह में छोड़ दिया गया। नवजात का जन्म समय से पहले हुआ है और उसका स्वास्थ्य गंभीर होने के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। बाल कल्याण समिति ने अस्पताल पहुंचकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली है।
मंगलवार सुबह सरकारी जनाना अस्पताल के पालना गृह में नवजात बालिका को सुरक्षित परित्यक्त पाया गया। अस्पताल प्रशासन को तुरंत सूचना मिलने पर एनआईसीयू इंचार्ज रामेश्वर ने बाल कल्याण समिति झालावाड़ और कोतवाली पुलिस को सूचित किया। इसके बाद बाल कल्याण समिति अध्यक्ष शिवराज सिंह हाड़ा और सदस्य गजेंद्र कुमार सेन ने अस्पताल पहुंचकर नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
नवजात को सांस लेने में तकलीफ अस्पताल के शिशु रोग विभाग के चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि शिशु की हालत गंभीर है। उसका वजन लगभग 760 ग्राम है और उसका जन्म 24 घंटे पहले ही हुआ है। सांस लेने में तकलीफ के कारण उसकी हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी इसी अस्पताल में एक नवजात मिला था।




