अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

झालावाड़।
झालरापाटन-उज्जैन मार्ग पर चंदिया खेड़ी गांव के पास शुक्रवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान झालावाड़ के मनोहर थाना क्षेत्र के किशनपुरिया गांव निवासी लेखराज(23) पुत्र बलराम के रूप में हुई है।
सदर थाना पुलिस के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि लेखराज कोटा में हलवाई का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह शुक्रवार रात कोटा से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।दुर्घटना में लेखराज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची बिंदा टोल नाके की एंबुलेंस उसे उपचार के लिए एसआरजी अस्पताल ले गई, जहां डाॅक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को माेर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी। शनिवार काे परिजनाें के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक गांव भाेपाल हाइवे पर फिर मार्ग क्यो बदला-
एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि लेखराज को अपने गांव पहुंचने के लिए भोपाल हाईवे का उपयोग करना था, लेकिन वह उज्जैन हाईवे पर क्यों गया, इसके कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। बाइक का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि किसी वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मारी होगी। टक्कर मारने के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
