झालावाड़। खानपुर स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन चन्द्रोदय अतिशय क्षेत्र चांदखेड़ी में देवाधिदेव प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक महोत्सव का भव्य शुभारंभ बुधवार को हुआ। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम शिष्य निर्यापक मुनिपुंगव श्री सुधासागर जी महाराज के आशीर्वाद व प्रेरणा तथा मुनि श्री 108 निष्पक्ष सागर जी महाराज एवं मुनिश्री 108 निष्पुह सागर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन चन्द्रोदय अतिशय क्षेत्र चांदखेड़ी के अध्यक्ष हुकम जैन काका ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन सुबह 8 बजे चमत्कारी भगवान आदिनाथ की सवा छह फुट अवगाहना पद्मासन प्रतिमा का अभिषेक व शांतिधारा की गई। इसके बाद सुबह 10ः30 बजे जयमाला देवी, प्रदीप जी, गांधीधाम गुजरात व राजेन्द्र-अनिता जी कोटा द्वारा ध्वजारोहण कर शुभारम्भ किया गया। तत्पश्चात विधान और मुनिश्री के आशीर्वचन हुए जिसमें मुनिश्री द्वारा आदिनाथ भगवान की जयंति के महत्व के बारे में बताया।






